Wednesday 5 March 2014

सुरजने की सब्ज़ी




सुरजने की फली  को  मराठी में "शेंगणयाचा शेंगा" और अंग्रेजी में ड्रमस्टिक्स ( DRUMSTICKS) कहाँ जाता है। सुरजने की फली का सबसे कॉमन यूज़ सांभर में होता है।  अमूमन पूरे साल मिलने वाली ये सब्ज़ी लज़ीज़ भी होती है और न्यूट्रीशन  के लिहाज़ से भी बेहद समृद्ध होती है। इसमें मैगनीज़, मेग्नीशियम , फास्फोरस , पोटेशियम और केल्शियम जैसे एसेंशियल माइक्रो -न्यूट्रिएंट्स भरपूर है इसके अलावा इसमें प्रोटीन और कार्ब भी होता है।  सुरजने की  फली को चूस कर खाया जाता है और इसको खाने में जो 'ट्यूबलर इफ़ेक्ट' आता है वो इस सब्ज़ी का USP है।  


सामग्री ( 4 व्यक्तियों के लिए ) 

सुरजने की फली - 400 ग्राम
बड़े आकार के टमाटर - 2 ( प्युरे किये हुए )
बड़े आकार के प्याज़  - 2 ( पेस्ट)
अदरक - २ छोटे टुकड़े ( पेस्ट)
लहसुन - 6 या 7 कलियाँ ( पेस्ट )
हरी मिर्च - 3 ( पेस्ट)
रोस्टेड मूंगफली के दाने ( क्रश किये हुए ) - 1/4 कटोरी
साबुत लाल मिर्च - 2
गरम मसाला - 2 टीस्पून
लाल मिर्च , हल्दी , जीरा , राइ , हींग, नमक

बनाने का तरीका 

सुरजने के फली को छोटे आकार के बराबर टुकड़ो में काट लें। अब इन टुकड़ो को कुकर में एक सीटी लेकर पका ले।  ध्यान रहे फली को इतना नहीं पकाना है कि वो टूटने लगे।

कढ़ाई में तेल लेकर उसमे राइ, जीरा, हींग और साबुत मिर्च का  का तड़का लगाएं।  फिर उसमे प्याज़ , अदरक , हरी मिर्च  और लहसुन का पेस्ट  डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक पकाएं।  इसके बाद नमक , हल्दी , लालमिर्च ,गरम मसाला डालकर 1 मिनट पकाएं फिर टोमेटो प्युरे डालकर धीमी आंच पर लगभग 5 से 7 मिनट पकाए।  जब तेल ऊपर तैरता नज़र आये तब उसमे उबली हुई सुरजने की फली डालकर और 2 मिनट पकाए।  फिर उसमे 150 ML गरम पानी मिलकर उबलने तक पकाए।  सुरजने की सब्ज़ी तैयार है।

इससे वैसे तो रोटी/परांठा के साथ नॉर्मल सब्ज़ी के जैसे भी खाया जा सकता है लेकिन इसका अलसी मज़ा है गरम चावल के साथ।  सब्ज़ी के सालन के साथ चावल खाया जाए और बीच बीच में सुरजने के 'ट्यूबलर इफ़ेक्ट' का आनन्द लिया जाए।  

( सुरजने की फली के बारे में सम्पूर्ण ज्ञान इस लिंक पे उपलब्ध है  http://en.wikipedia.org/wiki/Moringa_oleifera ) 




Saturday 1 March 2014

DAL-DHOKALI :दाल -ढोकली




दाल -ढोकली 

दाल -ढोकली वैसे तो गुजरात की प्रसिद् डिश है लेकिन ये मध्यप्रदेश के मालवा, राजस्थान के मेवाड़ और महाराष्ट्र  में भी बनायीं जाती है।  स्वादिष्ट होने के साथ -साथ ये न्यूट्रीशियस भी है।  इसमें अरहर ( तुअर ) की दाल , गेंहू का आटा और बेसन होता है जिस से ये हाई प्रोटीन और  लो कार्ब की कम्पलीट डाइट होती है। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें ऊपर से घी या बटर भी डाला जाता है इसलिए ये फैट और दूसरे माइक्रो - न्यूट्रियंट्स में भी रिच होती है।  जो बच्चे सब्ज़ी दाल और रोटी खाने में 'ना-नुकुर' करते है उनको दाल -ढोकली अपीलिंग भी लगती  है और उनका नूट्रीशन भी पूरा कर देती है।  

सामग्री ( 2 व्यक्तियों की सर्विंग के अनुसार ) -

अरहर की दाल -  3  कप
गेंहू का आटा - 4 कप
बेसन - 1/2  कप
खाने का तेल - 3 बड़े चम्मच
लाल मिर्च - 1 tsp
चिली फ़्लेक्स/ अक्खी लाल मिर्च टुकड़ो में तोड़ कर
हल्दी पाउडर - 1 /4 tsp
जीरा - 1  tsp
राई - 1 /2 tsp
हींग - 3 चुटकी
नमक - स्वादानुसार
इमली का पेस्ट - 2 बड़े चम्मच या  4 -5 कोकम
लहसुन - 8 -10 बड्स ( कलियाँ )
छोंक के लिए करी पत्ते
गार्निशिंग के लिए हरा धनिया
ऊपर से डालकर खाने के लिए बारीक कटा प्याज़
ऊपर से मिलाने के लिए घी/बटर ( जैसी पसंद हो )

बनाने का तरीका- 


अरहर कि दाल को साफ पानी में धोकर , हल्दी नमक और हींग डालकर कूकर में पका लें।ढोकली बनाने के लिए  एक थाली में आटा , बेसन, जीरा, लाल मिर्च , नमक , हल्दी को मिला ले और उसमे मोयन के लिए  तेल डालकर  कर उसको थोडा सा कसा हुआ ( कट्ठा ) गूँथ लें।  

इसके बाद , गुंथे हुए मिश्रण को बेलन से रोटी की शक्ल में बेलकर 3 मध्यम आकार की रोटिया बनाए और चाकू से ढ़ोकलियों को  शक्करपारे या तिकोने  आकार में काट लें। 

कढ़ाई में तेल डालकर गर्म होने पर उसमे करी पत्ते , राइ , जीरा और लहसुन का तड़का लगाये।  पकी दाल में 200 ml गरम पानी मिलकर उससे अच्छे से फेट ले और तड़के में मिला दें।  फिर उसमे  सारी धोकलियां, चिली फलेक्स  और खटाई के लिए इमली का पेस्ट या कोकम मिलाए।  

माध्यम आंच पर तकरीबन 10 मिनट के लिए पकाएँ।  आपकी दाल -ढोकली तैयार है।  हरे धनिये से गार्निश करें और बारीक कटे प्याज़ और बटर डालकर  गरमा गरम सर्व करें।  















Thursday 27 February 2014

भोले आलू - The Humble Potatoes

भोले आलू - The Humble Potatoes 




हर - हर महादेव।   सभी को शिवरात्रि महापर्व की हार्दिक शुभकामनाये।  आज सभी शिव भक्ति में   लीन रहेंगे और सात्विक भोजन और फलाहार करेंगे।  पेश है एक ऐसी उपवासी  डिश , जो बनाने में मैगी जितनी आसान है और बेहद सात्विक और स्वादिष्ट भी।

2 लोगों की सर्विंग के हिसाब से

सामग्री - 
मीडियम  साइज़ के उबले हुए आलू -6
रोस्ट की हुई  मूँगफली - 50 ग्राम
बारीक कटी हरी मिर्च - 2
शुद्ध घी - 25 ग्राम
जीरा - 1 टीस्पून
पिसी चीनी - 1 टीस्पून
नमक - स्वादानुसार ( उपवास के लिहाज़ से सेंधा नमक - Rock Salt -ज्यादा मुफीद रहता है ) 
हरा धनिया , नीबू और दही 

बनाने का तरीका -

उबले हुए आलू को मीडियम साइज़ के चौकोर टुकड़ो में काट लें।  कढ़ाई में घी डालकर , उसमे जीरा और हरी मिर्च को तड़का लें।  इसके बाद उसमे आलू डालकर धीमी आंच पर कुरकुरे होने तक रखे।  बीच -बीच में आलुओं को चलाते रहे।  जब आलू कुरकुरे होकर हल्के सुनहरे रंग के होने लगे तब उसमे मूँगफली के दानो को क्रश करके डालें और साथ में नमक पिसी चीनी डालकर एक मिनट  और चलाए।  तैयार है "भोले आलू " 

बारीक कटे हुए हरे धनिये से गार्निश करे और दही , नीबू के साथ सर्व करें।  




Tuesday 25 February 2014

RED CHILI PEPPER SPREAD

बड़ी लाल मिर्च के चटख रंग को देखते ही मुह में पानी आ जाता है।  सुर्ख लाल दिखने वाली ये मिर्च असल में उतनी तीखी नहीं होती जितनी की मॉडेस्ट सी दिखने वाली छोटी लाल या हरी मिर्च होती है।  लेकिन इसमें तीखी  लाल मिर्च की विज़ुअल अपील और आरोमा दोनों मिल जाता है।  


पेश है  रेड चिली पेपर और हरी लहसुन ( स्प्रिंग गार्लिक) का ज़ायकेदार स्प्रेड जिसे आसान भाषा में चटनी भी कहा जा सकता है और ये बनाने में बेहद ही आसान है।    इस स्प्रेड को रोटी , परांठा , ब्रेड , पाव इत्यादि पर लगा कर खाया जा सकता है और इसे सब्ज़ी या दाल का ज़ायका बढ़ाने के लिए भी उपयोग में लिया जा सकता है।  

सामग्री - 


बड़ी लाल मिर्च ( रेड चिली पेपर )- 250 ग्राम 
हरी लहसुन ( स्प्रिंग गार्लिक ) पत्तियो सहित  - 10 
कच्ची घानी का सरसो तेल - 50 ML
अचार का रेडीमेड मसाला - 50 ग्राम
( अचार का मसाला सरसो , राई , सोंफ , मैथी दाना , हींग, लाल मिर्च , हल्दी और नमक का मिश्रण होता है जो बाज़ार में आसानी से मिल जाता है )  











बनाने का तरीका - 

बाज़ार से लाल मिर्च और हरी  लहसुन  लाने के बाद दोनों को  एक दिन तेज़ धूप में रख दे , ऐसा  करने से मिर्च का एक्स्ट्रा मॉइश्चर निकल जाएगा और स्प्रेड की  शेल्फ लाइफ भी  बढ़ जाएगी।  शाम को मिर्च, लहसुन और लहसुन के पत्तों  को छोटे - छोटे टुकड़ो में काट कर और अचार का मसाला मिलाकर   मिक्सी में पीस ले।  ध्यान रखे कि हमें ज़्यादा  फाइन ( बारीक) नहीं पीसना है।  इसके बाद इसमें सरसों का तेल मिलाकर रात भर के लिए रख दे।  

अगले दिन फिर से इसे तेज़ धूप में दिनभर के लिए रख दे और शाम को एक साफ़ और गंध रहित बर्तन में इससे उपयोग में लेन के लिये रख दे।  तैयार है आपका आसान रेड चिली पेपर स्प्रेड।  

कच्चा सरसो तेल डालने और धूप में रखने से इस स्प्रेड को आप लगभग एक महीने तक उपयोग में ले सकते है।